सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू को लगातार छठी बार मिला स्वयं-एनपीटीईएल का ‘ए’ ग्रेड
जम्मू, 28 जून (हि.स.)। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए स्वयं-एनपीटीईएल लोकल चैप्टर के तहत लगातार छठी बार प्रतिष्ठित ‘ए’ ग्रेड हासिल किया है। हाल ही में घोषित जनवरी-जून 2026 सत्र के ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के परिणामों में विश्वविद्यालय के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 123 गोल्ड मेडल, 236 सिल्वर मेडल तथा 441 एलीट सर्टिफिकेशन प्राप्त किए हैं। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू का स्वयं-एनपीटीईएल लोकल चैप्टर देश के अग्रणी संस्थानों में अपनी मजबूत पहचान बनाए रखने में सफल रहा। विश्वविद्यालय के 75 छात्रों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर पर टॉपर्स की सूची में स्थान हासिल किया जो संस्थान के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
विश्वविद्यालय ने जुलाई-दिसंबर 2025 सत्र में भी उल्लेखनीय सफलता दर्ज की थी जिसमें 93 छात्रों को गोल्ड मेडल, 282 छात्रों को सिल्वर मेडल तथा 272 छात्रों को एलीट सर्टिफिकेशन प्राप्त हुए थे। लगातार दो सत्रों में शानदार परिणामों ने विश्वविद्यालय की गुणवत्ता आधारित शिक्षा और ऑनलाइन शिक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संवर्धित शिक्षण कार्यक्रम (एनपीटीईएल) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों और भारतीय विज्ञान संस्थान का संयुक्त उपक्रम है जिसे भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा वर्ष 2003 में शुरू किया गया था। स्वयं-एनपीटीईएल के माध्यम से इंजीनियरिंग, विज्ञान, मानविकी सहित विभिन्न विषयों में ऑनलाइन पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं और सफल विद्यार्थियों को आईआईटी अथवा आईआईएससी बेंगलुरु से प्रमाणपत्र प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
इस उपलब्धि पर सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के कुलपति प्रो. संजीव जैन ने सभी विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि लगातार छठी बार 'ए' ग्रेड प्राप्त करना और देश के शीर्ष 100 संस्थानों में स्थान बनाए रखना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों को कक्षा के बाहर भी उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के विश्वविद्यालय के प्रयासों को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने स्वयं-एनपीटीईएल के एसपीओसी प्रो. जे. एन. बलिया के समर्पित प्रयासों की भी सराहना की।
प्रो. जे. एन. बलिया ने बताया कि वर्ष 2017 से सक्रिय सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू का स्वयं-एनपीटीईएल लोकल चैप्टर विद्यार्थियों को ऑनलाइन तकनीकी एवं अन्य पाठ्यक्रमों से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के लिए उन्हें 27 जून को आईआईटी कानपुर में आयोजित सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया जहां विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

