home page

पंचायत चुनावों में गैर-स्थानीय मतदाता व उम्मीदवार मंजूर नहीं: शिवसेना

 | 
पंचायत चुनावों में गैर-स्थानीय मतदाता व उम्मीदवार मंजूर नहीं: शिवसेना


जम्मू, 17 मार्च (हि.स.)।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने प्रदेश में प्रस्तावित पंचायत चुनावों को लेकर गंभीर आपत्ति जताते हुए कहा है कि ताजा जनगणना और पारदर्शी परिसीमन के बिना चुनाव कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया और स्थानीय अधिकारों के साथ अन्याय होगा। इसके साथ ही पार्टी ने पंचायत चुनावों में गैर-स्थानीय व्यक्तियों को मतदाता या उम्मीदवार बनाने की किसी भी कोशिश का कड़ा विरोध किया है।

पार्टी कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने कहा कि प्रशासन अभी भी वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर चुनाव कराने की तैयारी कर रहा है जो पूरी तरह अनुचित है। पिछड़े वर्गों (ओबी सी ) को न्यायसंगत आरक्षण तभी मिल सकता है जब प्रशासन के पास नवीन और सटीक जनसंख्या आंकड़े उपलब्ध हों।

वही मतदाता सूची के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए साहनी ने स्पष्ट कहा कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में बाहरी व्यक्तियों को मतदाता या उम्मीदवार बनाने की किसी भी कोशिश को शिवसेना बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि केवल वैध डोमिसाइल धारकों को ही मतदान और चुनाव लड़ने का अधिकार मिलना चाहिए क्योंकि स्थानीय निकायों पर पहला अधिकार जम्मू-कश्मीर के मूल निवासियों का है।

साहनी ने यह भी कहा कि जम्मू के लोगों ने देशहित में धारा 370 हटाने का खुलकर समर्थन किया था लेकिन आज जम्मू के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। साहनी ने साफ कहा कि पहले नई जनगणना फिर चुनाव हो! जम्मू के स्वाभिमान की रक्षा के लिए शिवसेना हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता