home page

जम्मू में लगातार बिजली कटौती पर चैंबर ऑफ कॉमर्स ने जताई चिंता

 | 

जम्मू,, 06 जून (हि.स.)।

जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अरूण गुप्ता ने जम्मू क्षेत्र में लगातार हो रही अनियमित और लंबी बिजली कटौती पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के बीच हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम उपभोक्ताओं, व्यापारियों, उद्योगों और छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 100 प्रतिशत स्मार्ट मीटर वाले क्षेत्रों में भी बिजली कटौती जारी है जबकि सरकार ने इन क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का आश्वासन दिया था। अरुण गुप्ता ने कहा कि बिजली संकट के कारण औद्योगिक उत्पादन प्रभावित हो रहा है, छोटे व्यवसायों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है तथा पेयजल जैसी आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

उन्होंने खराब हो चुके स्मार्ट मीटरों को तत्काल बदलने, भूमिगत बिजली केबलिंग परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा प्रीपेड बिलिंग प्रणाली लागू करने से पहले बिजली ढांचे को मजबूत करने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से गर्मी के मौसम में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता