home page

जेकेएसएसबी के खिलाफ अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, जेकेपीएसआई परीक्षा स्थगित करने की मांग

 | 

जम्मू, 26 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) की भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बुधवार को सैकड़ों अभ्यर्थियों और युवा कार्यकर्ताओं ने जम्मू प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आगामी जम्मू-कश्मीर पुलिस सब इंस्पेक्टर (जेकेपीएसआई) परीक्षा स्थगित करने की मांग करते हुए कहा कि जब तक बोर्ड भर्ती प्रक्रिया में विश्वास बहाल करने के लिए ठोस सुधार नहीं करता तब तक परीक्षा आयोजित नहीं की जानी चाहिए।

विंकल शर्मा, अतुल सूडान, आमिर, रोहित, सोहेल, ऋषभ बाली और सतवीर सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने बोर्ड के कामकाज के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों ने भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता को प्रभावित किया है। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू करने और गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

प्रदर्शनकारी जब अपनी मांगों को लेकर सिविल सचिवालय की ओर मार्च करने लगे तो पुलिस ने भगत सिंह चौक के पास उन्हें रोक दिया। बाद में अतिरिक्त उपायुक्त जम्मू अंसुया जम्वाल ने मौके पर पहुंचकर अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन प्रदर्शनकारी ठोस आश्वासन नहीं मिलने से संतुष्ट नहीं हुए। स्थिति के बीच पुलिस ने दो दर्जन से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर जम्मू के विभिन्न पुलिस थानों में पहुंचाया।

प्रदर्शनकारियों ने 2022 की भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उन मामलों में सीबीआई ने कई लोगों से पूछताछ की थी लेकिन उनके अनुसार बोर्ड की ओर से पर्याप्त सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट (एफएए) परीक्षा में नकल के मामले में हिरासत में लिए गए 20 लोगों में से तीन-चार के संबंध पहले के एफएए और जेकेपीएसआई परीक्षा विवादों से भी बताए जा रहे हैं। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल और प्रश्नपत्रों के व्हाट्सएप तक पहुंचने के आरोपों पर भी जवाबदेही तय करने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना था कि एफएए परीक्षा की जांच अभी जारी है ऐसे में जेकेपीएसआई जैसी बड़ी भर्ती परीक्षा आयोजित करने से पहले बोर्ड को सुरक्षा और पारदर्शिता से जुड़े सवालों का समाधान करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे भर्ती परीक्षाओं के विरोध में नहीं हैं बल्कि निष्पक्ष चयन प्रक्रिया चाहते हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक बोर्ड ठोस सुधार लागू कर अभ्यर्थियों का विश्वास बहाल नहीं करता उनका आंदोलन जारी रहेगा

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा