रामबन में चलती बस में आग लगने से 47 अमरनाथ यात्री बाल-बाल बचे
रामबन, 16 जुलाई (हि.स.)। गुरुवार को रामबन ज़िले के करूल के पास जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर अमरनाथ यात्रा के 47 यात्री बाल-बाल बच गए जब उनकी बस में आग लग गई।
अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान से यात्रियों को ले जा रही स्लीपर बस (आरजे27पीसी-9921) श्रीनगर से जम्मू जा रही थी तभी हाईवे पर करूल के पास उसमें आग लग गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस, सीआरपीएफ, सेना, एसडीआरएफ, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमें और स्वयंसेवक मौके पर पहुँचे और बचाव व आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की लपटों के बस को अपनी चपेट में लेने से पहले ही ड्राइवर और कंडक्टर समेत सभी 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी की मौत या चोट लगने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि आग बुझाने के काम के दौरान हाईवे पर ट्रैफिक कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ लेकिन आग पर काबू पाने के बाद इसे बहाल कर दिया गया। अधिकारियों ने आगे बताया कि आग लगने के सही कारण की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

