अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई, कई दुकानों पर चला बुलडोजर
जम्मू,, 09 अगस्त (हि.स.)।
जम्मू के परेड इलाके स्थित सब्जी मंडी में सुबह-सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब जम्मू नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत कई दुकानों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे लेकिन अपनी दुकानों की स्थिति देखकर वे हैरान रह गए।
दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम की टीम ने उन्हें बिना किसी पूर्व नोटिस के कार्रवाई की। उनका कहना है कि बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान दुकानों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ अंदर रखा सामान भी खराब हो गया जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
दुकानदारों ने कहा कि इन दुकानों से ही उनके परिवारों का गुजर-बसर चलता था। अचानक हुई कार्रवाई के बाद उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का जायजा लेने और प्रभावित दुकानदारों की समस्या पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।
सब्जी मंडी के दुकानदारों और प्रधान ने भी नगर निगम की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि कार्रवाई से पहले उन्हें नोटिस दिया जाता तो वे अपनी दुकानों से सामान सुरक्षित निकाल लेते और उन्हें इस तरह का नुकसान नहीं उठाना पड़ता।
दुकानदारों ने प्रशासन से कार्रवाई की प्रक्रिया को स्पष्ट करने और भविष्य में किसी भी कार्रवाई से पहले उचित सूचना देने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

