home page

श्री बुड्ढा अमरनाथ जी यात्रा के मद्देनजर पुंछ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यात्रा बेस कैंप का किया निरीक्षण

 | 

पुंछ, 16 जून (हि.स.)। आगामी श्री बुड्ढा अमरनाथ जी यात्रा के मद्देनजर 5पुंछ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यात्रा बेस कैंप श्री दशनामी अखाड़ा तथा आसपास के क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

यह निरीक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय शर्मा के नेतृत्व में किया गया जिसमें विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की अलग-अलग शाखाओं के अधिकारियों एवं जवानों ने भाग लिया। निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग, सुरक्षा तैनाती, निगरानी व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं सहित अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा पहलुओं की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों के साथ बातचीत कर सुरक्षा प्रबंधों को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बढ़ाने, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी संभावित चुनौती से निपटने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय नीरज शर्मा भी उपस्थित रहे और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

पुंछ पुलिस ने कहा कि श्री बुड्ढा अमरनाथ जी यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह