अगले दो दिनों में जम्मू और कश्मीर में हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारें और तेज हवाओं की संभावना
श्रीनगर, 28 मई (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों में जम्मू और कश्मीर में हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारें और तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की है। साथ ही कुछ स्थानों पर आंधी और ओलावृष्टि की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की है।
पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 मई को छिटपुट से लेकर व्यापक क्षेत्रों में हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारें, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं। 30 मई से 3 जून तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है हालांकि दोपहर बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
4 और 5 जून के लिए मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने और छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारें और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। 6 से 8 जून तक केंद्र शासित प्रदेश में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अपनी सलाह में 28 और 29 मई के दौरान कुछ स्थानों पर गरज, बिजली, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

