home page

सीमांत निवासी और पूर्व सैनिक राष्ट्र की सुरक्षा के मजबूत स्तंभ : सत शर्मा

 | 
सीमांत निवासी और पूर्व सैनिक राष्ट्र की सुरक्षा के मजबूत स्तंभ : सत शर्मा


जम्मू, 02 अगस्त (हि.स.) । भाजपा जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासी और पूर्व सैनिक देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के सबसे मजबूत स्तंभ हैं तथा भारतीय जनता पार्टी उनके हितों की रक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वह त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा बॉर्डर सेल और पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे।

सत शर्मा ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पूर्व सैनिकों ने हमेशा देशभक्ति, साहस और त्याग का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, पुनर्वास उपायों, पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) लागू करने तथा सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में भाजपा के संगठन महामंत्री अशोक कौल ने दोनों प्रकोष्ठों की संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिला एवं मंडल स्तर पर समन्वय बढ़ाने और सीमांत निवासियों व पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर बल दिया। अखिल प्रकोष्ठ प्रभारी वेद शर्मा ने दोनों प्रकोष्ठों के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने की आवश्यकता बताई। वहीं सह-प्रभारी मुनीश खजूरिया ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा वीर चक्र से सम्मानित पूर्व कैप्टन स्वर्ण सिंह चिब को राष्ट्र सेवा में उनके योगदान के लिए पार्टी नेतृत्व ने सम्मानित किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। बैठक में बॉर्डर सेल संयोजक आकाश चोपड़ा, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ संयोजक के.एल. शर्मा, राम स्वरूप, कुलदीप शर्मा, छत्तर सिंह, सतपाल शर्मा सहित दोनों प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा