सीएचसी ठाठरी में रक्तदान शिविर आयोजित, 22 यूनिट रक्त संग्रहित
जम्मू, 23 जून (हि.स.)। स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक जम्मू डॉ. पूनम सेठी के निर्देशों तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डोडा डॉ. विनोद शर्मा के मार्गदर्शन में आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ठाठरी में जीएमसी डोडा के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शकील अहमद किचलू ने किया। इस दौरान लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 22 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में सेना के जवानों ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया जिससे समाज सेवा और मानवता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता झलकती है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी इस नेक कार्य में योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान 26 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के कमांडिंग ऑफिसर ने शिविर का दौरा किया और इस मानवीय पहल के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा सभी रक्तदाताओं के प्रयासों की सराहना की। बीएमओ डॉ. शकील अहमद किचलू ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सका। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग, सशस्त्र बलों और स्थानीय समुदाय की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा जिसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों की जान बचाना और समाज में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

