home page

बसोहली में ब्लॉक दिवस-डीसी कठुआ ने सुनीं जनसमस्याएं

 | 
बसोहली में ब्लॉक दिवस-डीसी कठुआ ने सुनीं जनसमस्याएं


कठुआ, 15 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने बसोहली के प्रेथा में साप्ताहिक ब्लॉक दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पूर्व जनप्रतिनिधियों ने पीएचई व पीडीडी में स्टाफ की कमी, बहाली कार्यों के लंबित भुगतान, पीएचसी व हायर सेकेंडरी स्कूल के उन्नयन, एंबुलेंस सुविधा, महानपुर-बसोहली सड़क की मरम्मत, बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों के मुआवजे और प्रेथा में नायब तहसील स्थापित करने की मांग उठाई।

डीसी ने आश्वासन दिया कि सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित घरों के वास्तविक मामलों को वित्तीय सहायता के लिए स्वीकृति दी जा चुकी है। डीसी ने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाए रखने पर लोगों की सराहना की और नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की। साथ ही उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय पोर्टल पर समय पर पंजीकृत न होने वाले पुराने हथियार लाइसेंस अब मान्य नहीं हैं और पात्र लोग नए सिरे से ऑनलाइन आवेदन करें। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जबकि मिशन युवा के तहत स्वरोजगार के अवसरों और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभों के बारे में भी जागरूक किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया