पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत पर कठुआ में जश्न, कार्यकर्ताओं ने मनाया विजय उत्सव
कठुआ, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद कठुआ में पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। इस ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के मुखर्जी चाैक पर एकत्र होकर जोरदार जश्न मनाया।
कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और राहगीरों व स्थानीय लोगों में मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी साझा की। पूरे क्षेत्र में “भारत माता की जय” और “मोदी है तो मुमकिन है” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत केवल एक राजनीतिक दल की नहीं बल्कि देश की जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत है। उन्होंने कहा कि अब देश में तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति की कोई जगह नहीं रह गई है।
भाजपा से कठुआ विधायक डाॅ भारत भूषण, जसरोटा विधायक राजीव जसरोटिया, जिला अध्यक्ष सहित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा जताकर विकास और सुशासन के पक्ष में अपना जनादेश दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि असम और पुडुचेरी में भी मिली सफलता दर्शाती है कि देशभर में भाजपा की नीतियों को व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि यह जनादेश देश को विश्व गुरु बनाने के संकल्प को और मजबूती प्रदान करता है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल समेत सभी राज्यों में विकास की नई धारा बहेगी और जनता को पारदर्शी व प्रभावी शासन मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

