home page

भाजपा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के आरोपों को बताया निराधार, सार्वजनिक माफी की मांग

 | 
भाजपा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के आरोपों को बताया निराधार, सार्वजनिक माफी की मांग


जम्मू, 11 जुलाई (हि.स.)। भाजपा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा एक भाजपा पदाधिकारी पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक को कथित रूप से धन का प्रलोभन देने के लगाए गए आरोपों को निराधार, गैर-जिम्मेदाराना और राजनीतिक प्रेरित बताया है। शनिवार को जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उधमपुर पूर्व के विधायक एडवोकेट आर.एस. पठानिया, भाजपा मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा और प्रवक्ता डॉ. हरि दत्त शिशु ने यह बात कही।

आर.एस. पठानिया ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री अपने आरोपों के समर्थन में ठोस और सत्यापित साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करते और बिना शर्त सार्वजनिक माफी नहीं मांगते तो भाजपा उनके खिलाफ उचित कानूनी और आपराधिक कार्रवाई करने पर विचार करेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी विधायक को रिश्वत देने का प्रयास वास्तव में हुआ था तो इसकी सूचना पुलिस, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) या किसी अन्य जांच एजेंसी को क्यों नहीं दी गई। उन्होंने यह भी पूछा कि कथित रूप से रिश्वत की पेशकश किसने की, किस भाजपा पदाधिकारी का नाम इसमें शामिल है, किस विधायक से संपर्क किया गया और घटना कब तथा कहां हुई।

भाजपा नेताओं ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर आरोप लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े हैं और ऐसे मामलों में राजनीतिक बयानबाजी के बजाय ठोस साक्ष्य होने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शासन से जुड़े मुद्दों और सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रेसवार्ता में भाजपा ने उस विवाद का भी उल्लेख किया जिसमें कथित रूप से एक शैक्षणिक सामग्री में जम्मू-कश्मीर को इंडियन ऑक्यूपाइड कश्मीर बताया गया था और मकबूल भट को लेकर भी आपत्ति जताई गई थी। पार्टी ने कहा कि इन मुद्दों पर भी सरकार को जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के पास अपने आरोपों के समर्थन में कोई प्रमाण है तो उसे संबंधित जांच एजेंसियों के समक्ष प्रस्तुत करें, अन्यथा उन्हें भाजपा और जम्मू-कश्मीर की जनता से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक जवाबदेही और स्वच्छ राजनीति के प्रति प्रतिबद्ध है तथा पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले निराधार आरोपों का कानूनी और राजनीतिक स्तर पर जवाब दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा