home page

महिला आरक्षण के समर्थन में कठुआ में भाजपा महिला मोर्चा की आक्रोश रैली, विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन

 | 
महिला आरक्षण के समर्थन में कठुआ में भाजपा महिला मोर्चा की आक्रोश रैली, विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन


कठुआ, 27 अप्रैल (हि.स.)। महिला आरक्षण बिल के समर्थन और विपक्ष के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा कठुआ द्वारा सोमवार को जिला सचिवालय के बाहर जोरदार आक्रोश रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व पूर्व मंत्री प्रिया सेठी ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और नेता विपक्ष राहुल गांधी का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया।

रैली में जसरोटा विधायक राजीव जसरोटिया, कठुआ विधायक डॉ. भारत भूषण, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित सैकड़ों की संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही। इस मौके पर राजीव जसरोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि महिला आरक्षण और डिलिमिटेशन प्रक्रिया आपस में जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में डिलिमिटेशन को 25-25 वर्षों के लिए स्थगित किया गया था। वर्तमान में 2026 के लिए प्रस्तावित डिलिमिटेशन जनगणना न होने के कारण लंबित है।

उन्होंने आगे कहा कि पहले संसद में 543 सदस्य थे लेकिन डिलिमिटेशन के बाद इनकी संख्या बढ़ाई जानी थी। इसी प्रक्रिया के साथ महिला आरक्षण लागू करने की योजना बनाई गई थी ताकि महिलाओं को उनका उचित प्रतिनिधित्व मिल सके। जसरोटिया ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया में बाधाएं उत्पन्न कीं और महिला आरक्षण को लागू होने से रोकने का प्रयास किया।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार पहले इस बिल को राज्यसभा में लेकर आई थी लेकिन इसे प्रभावी रूप से लागू नहीं किया गया। वहीं नरेंद्र मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाए और बिल में संशोधन के लिए भी विपक्ष को अवसर दिया लेकिन कांग्रेस ने सहयोग नहीं किया।

रैली को संबोधित करते हुए प्रिया सेठी ने विपक्ष के रवैये की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल देश की आधी आबादी को उनका अधिकार देने में बाधा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हर संभव प्रयास जारी रखेगी। रैली के अंत में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महिला आरक्षण बिल को शीघ्र लागू करने की मांग दोहराई और विपक्ष के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया