अमरनाथ यात्रा मार्ग के मुद्दे पर राजनीतिक अवसरवाद करार, महबूबा और तारिगामी पर बरसे भाजपा नेता
जम्मू, 25 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अभिजीत सिंह जसरोटिया ने पवित्र अमरनाथ यात्रा मार्ग से जुड़े मुद्दे पर महबूबा मुफ्ती और मोहम्मद यूसुफ तारिगामी की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए उन पर धार्मिक भावनाओं और पर्यावरण संबंधी चिंताओं का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आस्था और पर्यावरण जैसे संवेदनशील विषयों को राजनीतिक अवसरवाद का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। वह त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा के साथ पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
जसरोटिया ने कहा कि पर्यावरण से जुड़े मामलों की जांच और निर्णय लेने के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) जैसी सक्षम संस्थाएं मौजूद हैं और राजनीतिक नेताओं को संस्थागत प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने महबूबा मुफ्ती और तारिगामी से सवाल किया कि जब वे सत्ता में थे तब डल झील की बिगड़ती स्थिति और वुलर झील के सिकुड़ने पर उन्होंने क्या कदम उठाए। उन्होंने चार चिनार के संरक्षण और वर्ष 2008 के अमरनाथ भूमि विवाद का जिक्र करते हुए भी महबूबा मुफ्ती की भूमिका पर सवाल उठाए। जसरोटिया ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को ऐसी जिम्मेदार राजनीति की जरूरत है जिसमें धार्मिक भावनाओं का सम्मान हो और जनहित को राजनीतिक हितों से ऊपर रखा जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

