जम्मू सीमा जिले में भाजपा ने वींबी - जी राम जी कार्यशाला का किया आयोजन
सांबा, 21 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू और कश्मीर ने जम्मू सीमा जिले के सुचेतगढ़ में विकसित भारत - रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) पर एक कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला में केंद्र सरकार द्वारा जम्मू क्षेत्र के कई जिलों में लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान की भरपाई के लिए घोषित 1,430 करोड़ रुपये के राहत पैकेज पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यशाला का उद्देश्य इस प्रमुख ग्रामीण रोजगार मिशन के बारे में जागरूकता पैदा करना और भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की दीर्घकालिक विकास और तत्काल आपदा राहत दोनों के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराना था। जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव बलदेव सिंह बिल्लवारिया, सुचेतगढ़ के विधायक प्रो. घरू राम, जिला अध्यक्ष जम्मू सीमा रिंकू चौधरी, प्रभारी जम्मू सीमा राजिंदर सिंह चिब और सह प्रभारी आरती जसरोटिया ने कार्यशाला को संबोधित किया।
कार्यशाला में पार्टी कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए बलदेव सिंह बिल्लवारिया ने वीबी-जी राम जी को विकसित भारत @2047 के विजन के तहत एक ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह मिशन सम्मानजनक रोजगार और स्थायी आजीविका की गारंटी देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

