जम्मू रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ यात्रियों के लिए भंडारा पांचवें दिन भी जारी
जम्मू, 06 जुलाई (हि.स.)। श्री अमरनाथ जी यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति द्वारा जम्मू रेलवे स्टेशन पर 2 जुलाई से शुरू किया गया विशाल भंडारा रविवार को पांचवें दिन भी श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी रहा। समिति की ओर से आयोजित यह अमरनाथ यात्रियों के लिए दसवां सेवा भंडारा है जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। हर दिन की तरह संतों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान के जयघोष के साथ भोग अर्पित कर भंडारे का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, बिहार, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए अमरनाथ यात्रियों ने प्रसाद ग्रहण किया। रविवार के भंडारे का शुभारंभ परमेश्वरानंद जी महाराज ने अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति के राष्ट्रीय संयोजक सुनील शर्मा की उपस्थिति में किया।
राष्ट्रीय संयोजक सुनील शर्मा ने बताया कि समिति पिछले कई वर्षों से अमरनाथ यात्रियों की सेवा में जुटी हुई है और इस वर्ष भी यात्रियों को सात्विक, पौष्टिक एवं ऊर्जावान भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्रत एवं उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष फलाहार की व्यवस्था भी की गई है जो अन्य भंडारों में कम देखने को मिलती है। भोजन तिथि और पर्वों के अनुरूप तैयार किया जाता है तथा यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मसालों का सीमित उपयोग किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 की अमरनाथ यात्रा के दौरान समिति ने लगातार 62 दिनों तक भंडारा संचालित करने का रिकॉर्ड बनाया था। इस बार भी समिति के सेवादार पूरे समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा कर रहे हैं। भोजन के साथ-साथ यात्रियों को यात्रा मार्ग, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
भंडारे के प्रबंधक रमन शर्मा ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सेवा समिति का प्रत्येक सेवादार कठिन परिस्थितियों में भी श्रद्धालुओं की सहायता को अपना कर्तव्य मानता है और पूरी निष्ठा से सेवा कार्य में जुटा हुआ है। इस अवसर पर रमन शर्मा, राजा मनकोटिया, विश्व बंधु शर्मा, स्वतंत्र बख्शी, सुमन लता शर्मा, विमला देवी शर्मा, अमिता देवी, राधिका देवी, सिम्मी देवी, रमेश शर्मा सहित समिति के अनेक सेवादार उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

