बड़ी संख्या में युवाओं ने बीडीएस प्रशिक्षण लिया है और अभी तक बेरोजगार हैं- सरकार
श्रीनगर, 24 सितंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने गुरुवार को विधानसभा को सूचित किया कि सरकार उन बीडीएस डॉक्टरों को न्याय दिलाएगी जो अभी तक बेरोजगार हैं। सदन में विपक्ष के नेता और भाजपा विधायक सुनील शर्मा के प्रश्न का उत्तर देते हुए इटू ने कहा कि सरकार इस बात से अवगत है कि बड़ी संख्या में युवाओं ने बीडीएस प्रशिक्षण लिया है और अभी तक बेरोजगार हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने पर मुख्यमंत्री उमर ने इस मुद्दे पर विचार किया था लेकिन इतनी बड़ी संख्या को समायोजित करने के लिए हमें वित्तीय सहायता की भी आवश्यकता है। उन्होंने सदन को सूचित किया कि यदि एक बार में नहीं तो हम निश्चित रूप से चरणबद्ध तरीके से बीडीएस डॉक्टरों को समायोजित करने का प्रयास करेंगे।
किश्तवाड क्षेत्र में एक ट्रॉमा अस्पताल स्थापित करने की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार केवल एक इमारत बनाकर उसे ट्रॉमा अस्पताल नाम देना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि यदि हम एक ट्रॉमा अस्पताल बनाते हैं तो उसमें मशीनों को चलाने के लिए विशेषज्ञ और मानव संसाधन भी होने चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

