बरामुला के विकास कार्यों की समीक्षा, समय पर परियोजनाएं पूरी करने पर जोर
जम्मू, 09 मार्च (हि.स.)। जल शक्ति, वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने सोमवार को वर्चुअल बैठक के माध्यम से बरामुला जिले में चल रही विकास परियोजनाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में जल जीवन मिशन, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण परियोजनाएं, कैंपा, जनजातीय मामलों की योजनाएं, आरडीएसएस, नबार्ड, जिला कैपेक्स और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए और आवंटित धनराशि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी फंड लैप्स न हो और इसका सीधा लाभ आम जनता को मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही अधिकारियों को बेहतर समन्वय और जवाबदेही के साथ काम करने की भी हिदायत दी। बैठक में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, बिजली और जल आपूर्ति से संबंधित कई मुद्दे उठाए। मंत्री ने सभी मुद्दों पर सरकार द्वारा समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

