home page

बारामूला जिले के कालीबाग इलाके में स्थित ऐतिहासिक शिवलिंग मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य फिर से शुरू

 | 

बारामूला, 15 अक्टूबर (हि.स.)।

उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के कालीबाग इलाके में स्थित ऐतिहासिक शिवलिंग मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य फिर से शुरू हो गया है। यह मंदिर लगभग 500 साल पुराना माना जाता है।

उपायुक्त बारामूला ने मंदिर का दौरा कर वहां चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का जायजा लिया। इस पहल से स्थानीय पंडित समुदाय में खुशी और राहत का माहौल है।

स्थानीय पंडित समुदाय ने इस कदम का स्वागत करते हुए जिला प्रशासन और उपराज्यपाल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। समुदाय ने कहा कि प्रशासन ने उनकी लंबे समय से लंबित मांग पर ध्यान देते हुए मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य दोबारा शुरू कराया है।

वहीं स्थानीय मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने भी इस पहल की सराहना की। इसे क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक एकता की भावना का प्रतीक माना जा रहा है।

ऐतिहासिक शिवलिंग मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य की बहाली को बारामूला की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह