home page

प्रतिबंधित पॉलिथीन पर नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, कठुआ में गोदाम से 5 क्विंटल जब्त

 | 
प्रतिबंधित पॉलिथीन पर नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, कठुआ में गोदाम से 5 क्विंटल जब्त


कठुआ, 21 अक्टूबर (हि.स.)। प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ अभियान तेज करते हुए नगर परिषद कठुआ की टीम ने बुधवार को चक क्षेत्र में एक गोदाम पर दबिश देकर करीब पांच क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की। नगर परिषद की इस कार्रवाई से प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल और भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया।

नगर परिषद कठुआ के सीईओ अमित शर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की गई।

अमित शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल पूरी तरह वर्जित है। इसके बावजूद इसका इस्तेमाल पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन नालों को जाम करने के साथ-साथ आवारा पशुओं के लिए भी बेहद नुकसानदायक है। अक्सर पशु खाने-पीने की वस्तुओं के साथ पॉलिथीन भी निगल लेते हैं जिससे उनकी जान तक खतरे में पड़ सकती है। वहीं पॉलिथीन में खाद्य पदार्थ खरीदकर घर ले जाना भी लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।

सीईओ ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ नगर परिषद का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि भविष्य में कोई दुकानदार प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल या बिक्री करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अमित शर्मा ने कठुआ के लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण और अपने परिवार के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करें। इसकी जगह जूट और कपड़े के थैलों का उपयोग करें ताकि शहर को स्वच्छ और पर्यावरण को सुरक्षित बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया