home page

राजदान टॉप पर हिमपात के बाद बांदीपोरा-गुरेज़ मार्ग बंद

 | 

बांदीपोरा, 07 मार्च (हि.स.)। शनिवार को राजदान टॉप पर हुई ताजा हिमपात के बाद बांदीपोरा-गुरेज़ मार्ग पर वाहनों का आवागमन रोक दिया। यह निर्णय एहतियाती उपाय के तौर पर लिया गया क्योंकि हिमपात के कारण ऊँचाई पर स्थित राजदान दर्रा फिसलन भरा और यातायात के लिए असुरक्षित हो गया था।

गुरेज़ के उप-मंडल मजिस्ट्रेट मुख्तार अहमद ने पुष्टि की कि बांदीपोरा को सुदूर गुरेज़ घाटी से जोड़ने वाली सड़क पर यातायात अगले आदेश तक निलंबित रहेगा। एसडीएम ने कहा कि राजदान टॉप पर हिमपात के कारण और एहतियाती उपाय के तौर पर बांदीपोरा-गुरेज़ मार्ग पर आवागमन अगले आदेश तक निलंबित रहेगा।

अधिकारियों ने बताया कि दर्रे पर हिमपात के कारण दृश्यता कम हो गई और फिसलन भरी स्थिति बन गई जिसके चलते किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए यातायात रोकना पड़ा। 11,000 फीट से अधिक की ऊँचाई पर स्थित राजदान टॉप, गुरेज़ घाटी और शेष कश्मीर के बीच मुख्य सड़क संपर्क का काम करता है। बांदीपोरा जिले से होकर गुजरने वाली यह सड़क भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण सर्दियों में अक्सर यह सड़क प्रभावित रहती है।

अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मौसम में सुधार और बर्फ हटाने का काम पूरा होने के बाद सड़क को फिर से खोल दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता