नटरंग जम्मू ने “बलवंत ठाकुर’स एक्सएक्सआई” पहल की शुरुआत
जम्मू, 18 अप्रैल (हि.स.)। नटरंग जम्मू ने क्षेत्र में थिएटर प्रशिक्षण को नई दिशा देने की पहल करते हुए “बलवंत ठाकुर’स एक्सएक्सआई” प्रोजेक्ट की आधिकारिक शुरुआत नटरंग स्टूडियो थिएटर में की। यह अभिनव पहल मुख्यमंत्री इलेवन की अवधारणा से प्रेरित है जिसके तहत 21 युवा थिएटर कलाकारों की टीम तैयार की गई है। इस प्रोजेक्ट के तहत चयनित प्रतिभाओं को पद्मश्री थिएटर निर्देशक बलवंत ठाकुर के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में प्रशिक्षित किया जाएगा। पारंपरिक थिएटर प्रशिक्षण से अलग इस पहल में प्रतिभागियों के प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, प्रोडक्शन, प्रदर्शन और मीडिया प्रस्तुति तक की पूरी जिम्मेदारी स्वयं बलवंत ठाकुर द्वारा निभाई जाएगी जिससे युवा कलाकार केवल अपनी रचनात्मकता और विकास पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
कार्यक्रम की खास बात इसका व्यापक और आधुनिक प्रशिक्षण मॉडल है जिसमें अभिनय के साथ-साथ संचार कौशल, सार्वजनिक भाषण, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण युवाओं को न केवल बेहतर कलाकार बल्कि एक सशक्त व्यक्तित्व बनने में भी मदद करेगा। इस पहल के अंतर्गत सभी खर्चों का वहन स्वयं बलवंत ठाकुर द्वारा किया जा रहा है जो थिएटर शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
इस प्रोजेक्ट के लिए 21 प्रतिभागियों का चयन मॉडल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड रिसर्च, जम्मू से किया गया है। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. आदित गुप्ता के सहयोग की भी सराहना की गई। वरिष्ठ रंगकर्मी नीरज कांत इस परियोजना में सहयोग करेंगे जबकि मोहम्मद यासीन समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस नई पहल को जम्मू में थिएटर प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी कदम के रूप में देखा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

