home page

बख्शी नगर पुलिस स्टेशन ने कुछ ही घंटों में बीएसएनएल टावर चोरी का मामला सुलझाया, 4.5 लाख का चोरी का सामान बरामद

 | 

जम्मू, 11 जून (हि.स.)। संपत्ति से जुड़े अपराधों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बख्शी नगर पुलिस स्टेशन ने शक्ति नगर इलाके में बीएसएनएल टेलीकॉम टावरों से डीवीआर और उससे जुड़े उपकरणों की चोरी का मामला सफलतापूर्वक सुलझा लिया है और लगभग 4.5 लाख का चोरी का सामान बरामद किया है।

यह मामला तब सामने आया जब बीएसएनएल के प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शक्ति नगर इलाके में स्थित टेलीकॉम टावरों से डीवीआर चोरी होने की शिकायत बख्शी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए बीएनएस की धारा 303(2) के तहत प्राथमिकी नंबर 69/2026 दर्ज की गई और बिना देरी किए जांच शुरू कर दी गई। एसडीपीओ सिटी वेस्ट की देखरेख में पी एस आई अभिमन्यु, एचसी. अर्शीद हुसैन और अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष जांच टीम ने तुरंत तकनीकी और फील्ड जांच शुरू की जिसमें घटना स्थल के आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत विश्लेषण भी शामिल था। जांच के दौरान, टीम को एक स्विफ्ट कार के बारे में अहम सुराग मिला जिसके अपराध में इस्तेमाल होने का शक था। इस सुराग पर तेजी से कार्रवाई करते हुए गाड़ी का पता लगाया गया और रघुनाथ बाजार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी से लगातार पूछताछ और आगे की तकनीकी जांच से पता चला कि अपराध में दो और साथी भी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस टीमों ने रघुनाथ बाजार और बेली चराना में छापेमारी की। ये छापेमारी एसएचओ बख्शी नगर के साथ पीएसआई अभिमन्यु,पीएसआई अमीर सैयद, एच सी मो. अर्शीद हुसैन और जांच टीम ने की। ऑपरेशन के दौरान चोरी हुए छह डीवीआर तार, औजार और अपराध में इस्तेमाल हुए अन्य उपकरण बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 4.5 लाख आंकी गई है। बाकी आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने तथा इसी तरह के अन्य अपराधों में उनकी संलिप्तता का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। मामले की आगे की जांच चल रही है।

कम समय में मामले का जल्द पता लगाना आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की काफी हद तक बरामदगी, बख्शी नगर पुलिस स्टेशन की प्रतिबद्धता, पेशेवर रवैये और सतर्कता को दर्शाती है। यह पुलिस स्टेशन सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्पर है। बख्शी नगर पुलिस स्टेशन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और आम जनता से अपील करती है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या इमरजेंसी हेल्पलाइन के माध्यम से दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता