25 अक्टूबर से लखनपुर से जम्मू तक निकलेगी बहुजन हक यात्रा, संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की उठेगी आवाज
जम्मू,, 18 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर में संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, समानता और बहुजन एकता का संदेश देने के लिए 25 अक्टूबर से तीन दिवसीय बहुजन हक यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सुबह 11 बजे लखनपुर से शुरू होकर 27 अक्टूबर को जम्मू के डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक पर समाप्त होगी। इसका आयोजन बहुजन हक यात्रा कोऑर्डिनेशन कमेटी द्वारा किया जा रहा है, जिसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन सहयोग करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आरक्षण नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करवाना, विभिन्न विभागों में खाली पड़े आरक्षित पदों को भरना और शिक्षा तथा रोजगार में समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग उठाना है। इसके साथ ही लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
यात्रा के दौरान महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि समाज में महिलाओं की बराबर भागीदारी और सभी समुदायों के बीच भाईचारा मजबूत करना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, यात्रा लखनपुर से कालीबाड़ी, पल्ली मोड़, बरनोटी, राजबाग, चन्न अरोड़ियां, चड़वाल, दयालाचक, हीरानगर, घगवाल, सांबा, विजयपुर, बड़ी ब्राह्मणा, कुंजवानी और सतवारी होते हुए जम्मू शहर पहुंचेगी।
इस यात्रा को भीम क्रांति सेना, भीम आर्मी, अंबेडकर युवा संगठन, ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेज यूनियन, विभिन्न दलित एवं पिछड़ा वर्ग संगठनों सहित कई सामाजिक संस्थाओं का समर्थन प्राप्त है।
भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष साहिल कुंडल सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने युवाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी धर्म, समुदाय या व्यक्ति के खिलाफ नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य संविधान में दिए गए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के मूल्यों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से सभी वर्गों को एकजुट कर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

