home page

रैली निकाल नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

 | 
रैली निकाल नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक


कठुआ/बसोहली, 06 मई (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बसोहली ने पुलिस विभाग बसोहली के सहयोग से जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा के संरक्षण में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्ति शपथ के साथ हुई जिसमें सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया। रैली कॉलेज परिसर से शुरू होकर प्लाही, डियारा होते हुए पुनः कॉलेज में संपन्न हुई जिसमें लगभग 100 विद्यार्थियों सहित पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। रैली के दौरान से नो टू ड्रग्स यस टू लाइफ और नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

इस मौके पर प्राचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा ने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवा वर्ग का नशा मुक्त, शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ऐसे जागरूकता अभियानों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया