मिशन युवा के तहत जीडीसी बसोहली में उद्यम जागृति 5.0 पर जागरूकता सत्र
बसोहली, 22 अगस्त (हि.स.)। सरकारी डिग्री कॉलेज बसोहली में मिशन युवा के तहत उद्यम जागृति 5.0 पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्टार्टअप, वित्तीय साक्षरता, कौशल विकास, नवाचार और बाजार से जुड़ाव के अवसरों की जानकारी देना था।
कॉलेज के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट कमेटी तथा मिशन युवा कमेटी द्वारा प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मिशन युवा की नोडल अधिकारी डॉ. नेहा बांद्राल ने स्वागत भाषण दिया।
जिला कठुआ के स्मॉल बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के रिसोर्स पर्सन निशांत भूषण ने विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्टार्टअप इकोसिस्टम, वित्तीय प्रबंधन, सरकारी योजनाओं, सीड फंडिंग और बाजार से जुड़ाव संबंधी अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार आधारित विचारों को व्यावहारिक व्यवसाय में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया। बीडीओ बसोहली के साहिल कुमार ने भी मिशन युवा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को कौशल, नवाचार और आत्मविश्वास विकसित करने का आह्वान किया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों से आगामी हैकाथॉन में सक्रिय भागीदारी कर अपने नवाचारपूर्ण विचार प्रस्तुत करने की अपील की। कार्यक्रम का समापन प्रो. दविंदर कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

