महानपुर डिग्री कॉलेज में नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कठुआ, 01 जुलाई (हि.स.)। 100 दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के अंतर्गत गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज महानपुर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. संगीता सूदन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ जिसका समन्वय प्रो. सपना देवी ने किया।
इस दौरान नशा मुक्ति शपथ समारोह, जागरूकता अभियान, दीवार लेखन, से नो टू ड्रग के नारे, पौधारोपण, स्वच्छ भारत-हरित भारत अभियान तथा योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राचार्य डॉ. सूदन ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और उन्हें समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने का आह्वान किया। प्रो. सपना देवी ने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रो. रूपाली सहित स्टाफ सदस्य रमेश, कुलदीप, सनी, अनु और अनु राधा ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। अंत में सभी ने जम्मू-कश्मीर को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

