जीजीएम साइंस कॉलेज में “सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं बेस्ट फ्रॉम वेस्ट” जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जम्मू, 15 मई (हि.स.)। जम्मू स्थित जीजीएम साइंस कालेज के प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा ईको-एनवायरमेंट/ई-वेस्ट कमेटी के सहयोग से “सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं बेस्ट फ्रॉम वेस्ट” विषय पर जागरूकता एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, टिकाऊ कचरा प्रबंधन और रचनात्मक पुनर्चक्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोमेश गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। यह कार्यक्रम डॉ. राहुल कैत और डॉ. निताशा साहनी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने बेकार सामग्री से उपयोगी एवं आकर्षक वस्तुएं तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में “रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल” के सिद्धांतों को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रदर्शित मॉडलों का मूल्यांकन डॉ. ब्रिंदर कुमार, प्रो. बल कृष्ण और डॉ. ज्योतदीप कौर ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. नेहा महाजन, डॉ. नेहा शर्मा, प्रो. पूनम कुंदन, डॉ. मतीन हफीज, डॉ. शीतू रैना, डॉ. आशा, डॉ. रीतिका रानी, डॉ. राम कृष्ण, डॉ. रिचा और डॉ. मुज्जफर सहित अन्य शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग दिया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. रोमेश गुप्ता ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और दैनिक जीवन में टिकाऊ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन इंटरैक्टिव सत्र के साथ हुआ, जिसमें स्वच्छ, हरित और सतत भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

