home page

जीडीसी बसोहली में ड्रग्स हॉटस्पॉट मैपिंग पर जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को नशा मुक्त समाज के लिए किया प्रेरित

 | 
जीडीसी बसोहली में ड्रग्स हॉटस्पॉट मैपिंग पर जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को नशा मुक्त समाज के लिए किया प्रेरित


कठुआ/बसोहली, 28 अप्रैल (हि.स.)। जीडीसी बसोहली में मंगलवार को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत ड्रग्स के हॉटस्पॉट मैपिंग विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नशा मुक्त भारत अभियान के बैनर तले तथा पुलिस समुदाय बसोहली के सहयोग से आयोजित किया गया। यह पहल भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे 100 दिवसीय नशा विरोधी अभियान का हिस्सा है।

कार्यक्रम की शुरुआत सह-संयोजक डॉ. नेहा बंद्राल के स्वागत संबोधन से हुई जिसमें उन्होंने ऐसे अभियानों को सफल बनाने में संस्थागत सहयोग की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एसडीपीओ बसोहली ओम प्रकाश ललहल रहे जिनका कॉलेज प्राचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा द्वारा स्वागत किया गया। अपने संबोधन में एसडीपीओ ने नशे के सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि यह समस्या न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने जोखिम वाले व्यक्तियों की समय रहते पहचान और उन्हें उचित सहायता व पुनर्वास उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस दौरान विद्यार्थियों को ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ भी दिलाई गई।

कॉलेज की प्राचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा ने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि जागरूक, जिम्मेदार और नैतिक मूल्यों से युक्त युवा ही नशा मुक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. दविंदर कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि नशे जैसी गंभीर समस्या से निपटने के लिए संस्थानों, परिवारों और प्रशासन के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं। कार्यक्रम में 80 से अधिक छात्रों और स्टाफ ने भाग लिया जहां प्रतिभागियों ने स्थानीय हॉटस्पॉट की पहचान कर नशा मुक्त रहने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया