नशा मुक्त अभियान के तहत बसंतपुर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
कठुआ, 18 अप्रैल (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत कठुआ पुलिस द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में नशा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में किया गया जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोग और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, इसके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर असर तथा समाज और परिवार पर इसके दीर्घकालिक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि उसकी पढ़ाई, करियर और भविष्य को भी प्रभावित करता है। युवाओं को सही निर्णय लेने, गलत संगति से बचने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया जिसमें छात्रों ने नशे से जुड़े सवाल पूछे और अपने विचार साझा किए। साथ ही नशे की समस्या से निपटने में समाज, अभिभावकों और संस्थानों की भूमिका पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

