home page

सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता जरूरी, समय पर जांच से हो सकता है बचाव

 | 
सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता जरूरी, समय पर जांच से हो सकता है बचाव


जम्मू, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उन्नत एनजीओ ने गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जम्मू के सहयोग से सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बीमारी की रोकथाम, शुरुआती पहचान, समय पर जांच और उपचार के महत्व पर जोर दिया गया। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. ज्योति परिहार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में उन्नत एनजीओ की महासचिव नीना अबरोल ने अध्यक्षता की जबकि डॉ. ज्योति परिहार मुख्य अतिथि रहीं।

डॉ. ज्योति परिहार ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने और विद्यार्थियों को निवारक स्वास्थ्य उपायों के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। नीना अबरोल ने कहा कि महिलाओं और युवाओं को सर्वाइकल कैंसर, एचपीवी टीकाकरण और नियमित जांच के बारे में सही जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और शुरुआती पहचान से बीमारी से बचाव एवं उपचार में मदद मिल सकती है। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान और सामुदायिक कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता भी जताई।

कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण अभियान भी चलाया गया जिसमें कॉलेज के शिक्षकों, विद्यार्थियों और एनजीओ के सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व प्रिंसिपल किरण शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, अश्वनी दुबे, कंचन शर्मा, रेनू जम्वाल और अंजना सेठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा