home page

बांदीपोरा और गांदरबल के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी

 | 

श्रीनगर, 28 मार्च (हि.स.)। कश्मीर में अधिकारियों ने शनिवार को घाटी के दो जिलों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की और लोगों से अत्यधिक सतर्क रहने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि अगले 24 घंटों के भीतर बांदीपोरा और गांदरबल में 2,400 मीटर से अधिक ऊंचाई पर मध्यम खतरे का हिमस्खलन होने की आशंका है।

सलाह में कहा गया है कि लोगों को सलाह दी जाती है कि वे हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों जिनमें ढलान, पहाड़ी इलाके और ऊंचे क्षेत्र शामिल हैं में जाने से सख्ती से बचें, जब तक कि अधिकारियों द्वारा आगे कोई आदेश जारी नहीं किया जाता। निवासियों, पर्यटकों और घुमंतू समुदायों से आधिकारिक सलाह का पालन करने और अपनी सुरक्षा के लिए प्रशासन के साथ सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

शुक्रवार को गांदरबल जिले के जोजिला दर्रे पर कई हिमस्खलन हुए जिसमें कई वाहन फंस गए और सात लोगों की मौत हो गई। श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित यह दर्रा कश्मीर घाटी को लद्दाख से जोड़ता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता