तलाब तिल्लो पेंसिल फैक्ट्री कर्मचारियों के समर्थन में उतरे विधायक अरविंद गुप्ता, 350 मजदूरों को न्याय दिलाने का भरोसा, वेतन, ग्रेच्युटी और पेंशन भुगतान की उठाई मांग
जम्मू, 16 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता ने तलाब तिल्लो स्थित आग से प्रभावित पेंसिल फैक्ट्री के प्रदर्शनकारी कर्मचारियों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर जारी विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कर्मचारियों, विशेषकर महिला मजदूरों की समस्याएं विस्तार से सुनीं। कर्मचारियों ने बताया कि 11 अप्रैल को फैक्ट्री प्रबंधन ने यूनिट बंद करने का नोटिस जारी कर दिया जिससे करीब 350 कर्मचारी जिनमें 100 स्थायी और 250 अस्थायी शामिल हैं अचानक बेरोजगार हो गए। स्थायी कर्मचारियों को लगभग 24 हजार रुपये और अस्थायी मजदूरों को करीब 9,500 रुपये मासिक वेतन मिलता था। कई कर्मचारी पिछले 30 से 35 वर्षों से यहां कार्यरत थे और अब आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रबंधन द्वारा कुछ खातों में मामूली राशि डाली गई है जो उनके वैधानिक अधिकारों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रम कानूनों के तहत उन्हें पेंशन, ग्रेच्युटी, बकाया वेतन और अन्य लाभ मिलने चाहिए जो अभी तक नहीं दिए गए हैं। इस दौरान विधायक अरविंद गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने 30-35 साल इस फैक्ट्री को दिए हैं, उन्हें सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला कर्मचारियों की स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि उनके अधिकारों की रक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए।
गुप्ता ने मौके पर ही जिला प्रशासन से संपर्क साधा और भरोसा दिलाया कि वे उपायुक्त जम्मू, श्रम विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों से मिलकर इस मुद्दे को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी कानूनी प्रावधानों के तहत कर्मचारियों को पूरा मुआवजा और लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की भी मांग की और प्रशासन से अपील की कि किसी भी कर्मचारी के अधिकारों का हनन न हो। विधायक ने आश्वासन दिया कि जब तक सभी कर्मचारियों को पूरा न्याय और आर्थिक राहत नहीं मिलती तब तक वे इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाते रहेंगे। उनके इस दौरे से प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों में उम्मीद की नई किरण जगी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

