home page

जम्मू में 10 मार्च को होगा एसोचैम जेएंडके वूमेन अचीवर्स अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन

 | 

जम्मू, 24 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से एसोचैम जेएंडके काउन्सिल ने 6वें संस्करण के एसोचैम जेएंडके वूमेन अचीवर्स अवॉर्ड्स–2026 की घोषणा की है। यह प्रतिष्ठित समारोह 10 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जम्मू में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को जम्मू-कश्मीर के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग का सहयोग प्राप्त है। पिछले वर्षों में यह मंच जम्मू-कश्मीर में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के लिए एक प्रतिष्ठित पहचान बना चुका है। इस वर्ष मैन्युफैक्चरिंग, शिक्षा, ब्यूटी एवं वेलनेस, स्टार्टअप एवं इनोवेशन, रिटेल और मीडिया सहित छह श्रेणियों में नामांकन आमंत्रित किए गए हैं।

एसोचैम जेएंडके काउंसिल के अध्यक्ष माणिक बत्रा ने कहा कि यह पहल महिलाओं की भागीदारी को व्यापार, उद्योग और आर्थिक विकास में बढ़ावा देने की दिशा में संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वहीं सह-अध्यक्ष भूपेश गुप्ता ने कहा कि महिला उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही हैं और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, वित्तीय संस्थानों के सदस्य, नीति-निर्माता और प्रदेश भर की सफल महिला उद्यमियों की भागीदारी की उम्मीद है। यह आयोजन जम्मू-कश्मीर में महिला नेतृत्व और नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा