home page

पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम के तहत कारीगरों को ब्रांडिंग, मार्केटिंग और एआई टूल्स की जानकारी दी

 | 
पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम के तहत कारीगरों को ब्रांडिंग, मार्केटिंग और एआई टूल्स की जानकारी दी


जम्मू, 04 सितंबर (हि.स.)। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन एमएसएमई-डेवलपमेंट एंड फैसिलिटेशन ऑफिस जम्मू की ओर से राजकीय औद्योगिक संस्थान राजौरी में पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के कारीगरों और पारंपरिक शिल्पकारों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के साथ-साथ सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, कौशल विकास और डिजिटल तकनीकों की जानकारी देना था। कार्यक्रम की शुरुआत एमएसएमई-डीएफओ जम्मू के सहायक निदेशक विनू कौल के स्वागत संबोधन और पीएम विश्वकर्मा योजना के संक्षिप्त परिचय से हुई।

उन्होंने कारीगरों को योजना के तहत उपलब्ध लाभों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के लिए जागरूकता और क्षमता निर्माण के महत्व पर जोर दिया।

एमएसएमई-डीएफओ जम्मू के संयुक्त निदेशक अमित कुमार तमरिया ने कार्यक्रम के उद्देश्यों और एमएसएमई क्षेत्र की भूमिका पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र उद्यमिता को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर पैदा करने और समावेशी आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डीआईसी राजौरी के महाप्रबंधक हरपाल सिंह ने भी स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के लिए जिला स्तर पर उपलब्ध सहयोग की जानकारी दी। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं राजौरी के उपायुक्त अभिषेक शर्मा ने किया। उन्होंने एमएसएमई-डीएफओ जम्मू की पहल की सराहना करते हुए स्थानीय उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर जोर दिया।

उन्होंने कारीगरों से सरकार की विभिन्न योजनाओं और संस्थागत सहायता का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का आह्वान किया।

तकनीकी सत्र में बीजीएसबीयू के प्रबंधन अध्ययन विभाग के एचओडी गौरव सहगल ने ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कारीगरों को अलग ब्रांड पहचान विकसित करने, उत्पादों की आकर्षक प्रस्तुति, ग्राहकों से जुड़ाव और आधुनिक मार्केटिंग तकनीकों के महत्व से अवगत कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा