जम्मू-कश्मीर के बारामूला स्कूल हॉस्टल में फंसे 34 लोगों को सेना ने बचाया
बारामूला, 31 मार्च (हि.स.)। भारी बारिश के कारण अचानक जलस्तर बढ़ने से मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के एक स्कूल हॉस्टल में फंसे 30 छात्रों और चार शिक्षकों सहित 34 लोगों को सेना ने बचाया। अधिकारियों ने बताया कि लगातार और तेज बारिश के कारण रफीबाद (बारामूला) के वतरगाम इलाके में एक नाले में जलस्तर अचानक बढ़ गया जिससे स्थानीय स्कूल हॉस्टल में बाढ़ आ गई। नतीजतन 30 स्कूली बच्चे और चार शिक्षक परिसर के अंदर फंस गए और उनके पास बाहर निकलने का कोई सुरक्षित रास्ता नहीं था। स्थानीय लोगों ने वहां तैनात सेना की टुकड़ी से संपर्क किया जिसने तुरंत मानवीय सहायता अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और खतरनाक रूप से ऊंचे जलस्तर के बावजूद टीमें फंसे हुए लोगों तक पहुंचने और सभी 34 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में कामयाब रहीं। बचाव के बाद सेना ने बचाए गए बच्चों और कर्मचारियों को चिकित्सा देखभाल और जलपान सहित आवश्यक सहायता प्रदान की।
पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय युवाओं ने बताया कि इस अभियान में सेना की मदद की गई।
पिछले 48 घंटों में घाटी के मैदानी इलाकों में मध्यम वर्षा और कुछ ऊंचे इलाकों में हिमपात हुआ। बारामूला में पिछले 24 घंटों में 70 मिमी से अधिक वर्षा हुई जो घाटी में सबसे अधिक है। हंदवाडा क्षेत्र के नौगाम में इसी अवधि के दौरान 58.2 मिमी वर्षा हुई, इसके बाद काजीगुंड (48.6 मिमी) और कुलगाम (42.2 मिमी) में वर्षा हुई। श्रीनगर शहर में भी अच्छी खासी बारिश हुई जहां पिछले 24 घंटों में 31.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि कश्मीर में बुधवार को बादल छाए रहने की संभावना है जिसके बाद सप्ताहांत में एक बार फिर बारिश होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

