home page

सेना भर्ती कारवां पहुंचा जीडीसी कठुआ, युवाओं को सेना में करियर के लिए किया प्रेरित

 | 
सेना भर्ती कारवां पहुंचा जीडीसी कठुआ, युवाओं को सेना में करियर के लिए किया प्रेरित


कठुआ, 30 मार्च (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज कठुआ में सोमवार को भारतीय सेना का भर्ती कारवां पहुंचा जहां छात्रों को सेना में करियर के अवसरों के बारे में जागरूक और प्रेरित किया गया।

कारवां टीम ने छात्रों को भर्ती प्रक्रिया, योग्यता मानदंड, प्रशिक्षण और सेना के अनुशासन व मूल्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान एक जागरूकता फिल्म भी दिखाई गई जिसमें सेना के जीवन, अवसरों और देश सेवा के गौरव को दर्शाया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया और सेना में शामिल होने को लेकर गहरी रुचि दिखाई। सेना के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को देश सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोहर लाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज प्रशासन के मार्गदर्शन में एनसीसी इकाई द्वारा किया गया जिसमें स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया