गांव बगानी में सेना का स्वास्थ्य शिविर, 218 ग्रामीणों को मिला मुफ्त इलाज
जम्मू, 06 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के गांव बगानी में भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर के क्रॉस्ड स्वॉर्ड्स गनर्स द्वारा सामुदायिक कल्याण के तहत एक बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। आगामी विश्व स्वास्थ्य दिवस के मद्देनज़र आयोजित इस शिविर की थीम “स्वस्थ गांव, सुरक्षित गांव” रखी गई थी। इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 218 स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा संचालित जनरल ओपीडी के माध्यम से व्यापक चिकित्सा परामर्श प्राप्त किया। शिविर में मरीजों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं, साथ ही बेसिक डायग्नोस्टिक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं जिससे जरूरतमंद लोगों को तत्काल राहत मिल सकी।
यह पहल पीपुल्स हट फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित की गई जो नागरिक-सैन्य साझेदारी का एक सशक्त उदाहरण है। इस संयुक्त प्रयास का उद्देश्य दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को बेहतर बनाना है। इस शिविर की सफलता भारतीय सेना की जमीनी स्तर पर सामुदायिक सेवा और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। “स्वस्थ गांव, सुरक्षित गांव” जैसे अभियानों के जरिए सेना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

