home page

अप्रेंटिसशिप से युवाओं को मिलेगा कौशल और रोजगार का अवसर, जीडीसी बसोहली में जागरूकता कार्यक्रम

 | 
अप्रेंटिसशिप से युवाओं को मिलेगा कौशल और रोजगार का अवसर, जीडीसी बसोहली में जागरूकता कार्यक्रम


बसोहली, 10 सितंबर (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बसोहली में राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप के अवसरों, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं से अवगत करवाना था।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत सेल की सदस्य डॉ. नेहा बंद्राल के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को एनएपीएस के उद्देश्यों, लाभ, पात्रता, उपलब्ध अप्रेंटिसशिप अवसरों तथा पंजीकरण एवं ज्वाइनिंग प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम के रिसोर्स पर्सन साहिल कुमार बीडीएच बसोहली ने कहा कि अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान और कार्यस्थल पर आवश्यक व्यावहारिक कौशल के बीच की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से युवा उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल हासिल कर अपनी रोजगार क्षमता बढ़ा सकते हैं।

उन्होंने अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया विद्यार्थियों को विस्तार से समझाई और मौके पर ही कई विद्यार्थियों को पंजीकरण में सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने युवाओं से उपलब्ध अप्रेंटिसशिप अवसरों का लाभ उठाकर अपने पेशेवर भविष्य को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने पंजीकरण, चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण सहित अप्रेंटिसशिप से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। रिसोर्स पर्सन ने विद्यार्थियों के सवालों का विस्तार से जवाब दिया। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. वैष्णो देवी, प्रमुख डोगरी विभाग ने वक्ताओं, विद्यार्थियों और सभी सहयोगियों का आभार जताया। कार्यक्रम में कॉलेज के करीब 80 विद्यार्थियों के अलावा शिक्षण संकाय के सदस्यों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया