जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के रखरखाव के लिए बंद होने के कारण कश्मीर में सेब उत्पादकों को भारी नुकसान हो रहा है-इल्तिजा मुफ्ती
श्रीनगर , 31 जुलाई (हि.स.)। पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के रखरखाव के लिए बंद होने के कारण कश्मीर में सेब उत्पादकों को भारी नुकसान हो रहा है। इल्तिजा ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से राजमार्ग कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया।
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दुर्भाग्य से पिछले साल की तरह कश्मीरी सेब उत्पादक एक बार फिर भारी नुकसान झेल रहे हैं क्योंकि काजीगुंड राजमार्ग 'रखरखाव' के नाम पर फिर से बंद है। आखिर सड़क मरम्मत का काम केवल फसल कटाई के मौसम में ही क्यों होता है। बागवानी लाखों कश्मीरियों को सम्मानजनक आजीविका प्रदान करती है। मैं नितिन गडकरी से अनुरोध करती हूं कि सड़क कार्य में तेजी लाएं।
पीडीपी नेता ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में फल परिवहनकर्ताओं से बातचीत की और प्रशासन से राजमार्ग को जल्द से जल्द खोलने का आग्रह किया। कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र बारहमासी राष्ट्रीय राजमार्ग 250 किलोमीटर लंबा है।
शुक्रवार को उधमपुर और बनिहाल के बीच संवेदनशील स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण और लटके हुए मलबे को हटाने के लिए इसे वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

