home page

सलीम चौधरी ने गुज्जर-बकरवाल समुदाय के लिए दो कनाल भूमि देने की मांग उठाई

 | 

जम्मू,, 06 अगस्त (हि.स.)।

अपनी पार्टी के ट्राइबल विंग के अध्यक्ष सलीम चौधरी ने आज जम्मू में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान गुज्जर-बकरवाल समुदाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों को पांच-पांच मरले के प्लॉट देने की बात कर रही है, लेकिन यह व्यवस्था गुज्जर-बकरवाल समुदाय के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि यह समुदाय अपने परिवार के साथ-साथ बड़ी संख्या में पशुधन पर भी निर्भर रहता है, इसलिए उनके पुनर्वास के लिए कम से कम दो कनाल भूमि उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना जीवनयापन कर सकें। सलीम चौधरी ने सरकार से इस नीति पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि खानाबदोश समुदाय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रावधान किए जाने चाहिए। उन्होंने गुज्जर-बकरवाल छात्रावासों (होस्टलों) की बदहाल स्थिति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की और कहा कि इन संस्थानों में लंबे समय से खाली पड़े पदों और सीटों को तत्काल प्रभाव से भरा जाए, ताकि समुदाय के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने सरकार से गुज्जर-बकरवाल समुदाय के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता