home page

जेकेपीएसआई परीक्षा स्थगित करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरी अपनी पार्टी

 | 
जेकेपीएसआई परीक्षा स्थगित करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरी अपनी पार्टी


जम्मू, 27 नवंबर (हि.स.)। अपनी पार्टी के जम्मू प्रांत अध्यक्ष मंजीत सिंह ने शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रदर्शन कर रहे जम्मू-कश्मीर पुलिस सब-इंस्पेक्टर (जेकेपीएसआई) भर्ती के अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने 29 नवंबर को प्रस्तावित परीक्षा को वित्त लेखा सहायक (एफएए) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच पूरी होने तक स्थगित करने की मांग की।

मंजीत सिंह ने कहा कि एफएए परीक्षा में धांधली के आरोपों के बीच एक और बड़ी भर्ती परीक्षा आयोजित करने से युवाओं का चयन प्रक्रिया पर भरोसा और कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को हुई एफएए परीक्षा में छह सरकारी कर्मचारियों सहित 20 लोगों की गिरफ्तारी के बाद निष्पक्ष जांच जरूरी है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हजारों युवा सरकारी नौकरी की उम्मीद में वर्षों तक मेहनत करते हैं और उनके भविष्य तथा योग्यता के साथ समझौता नहीं किया जा सकता।

उन्होंने प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को हिरासत में लिए जाने पर भी चिंता जताई और प्रशासन से युवाओं की मांगों को संवेदनशीलता से सुनने तथा उनसे बातचीत करने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय सचिव एवं ट्रेड विंग प्रभारी एजाज काजमी और एससी विंग अध्यक्ष बोध राज भगत भी शामिल रहे। पार्टी नेताओं ने आश्वासन दिया कि परीक्षा स्थगित करने की मांग उचित मंचों पर उठाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा