home page

नशे के खिलाफ रैली, ‘चिट्टा’ के बढ़ते खतरे पर जताई चिंता, समाज से एकजुट होकर लड़ाई लड़ने की अपील

 | 
नशे के खिलाफ रैली, ‘चिट्टा’ के बढ़ते खतरे पर जताई चिंता, समाज से एकजुट होकर लड़ाई लड़ने की अपील


जम्मू 19 अप्रैल (हि.स.)। शिव सेना हिंदुस्तान के कार्यकर्ताओं ने आज मिश्रीवाला क्षेत्र में बढ़ते नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली। रैली का नेतृत्व संगठन के जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष पंडित राजेश केशरी ने किया। रैली के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नशा दीमक की तरह है, जो इंसान और समाज को अंदर से खोखला कर देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व, जिन्हें उन्होंने पाकिस्तान समर्थित बताया, युवाओं को गुमराह करने के लिए बच्चों और महिलाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं और ‘चिट्टा’ (हेरोइन) जैसे खतरनाक नशे का प्रसार कर रहे हैं।

वक्ताओं ने कहा कि नशा तस्कर स्कूलों, खेल मैदानों और गलियों के आसपास छोटे बच्चों को निशाना बनाते हैं, क्योंकि वे आसानी से उनके झांसे में आ जाते हैं। उन्होंने माना कि पुलिस इस दिशा में कार्य कर रही है, लेकिन समाज के हर वर्ग को भी इस लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इस अवसर पर वक्ताओं ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गए 100 दिवसीय ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से प्रशासन और पुलिस को नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में नई ऊर्जा मिली है।

संगठन के सदस्यों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं, अभिभावकों, मोहल्ला समितियों और सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से इस अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज के हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी और इस मुहिम को जन आंदोलन बनाना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा