नशा मुक्त अभियान बना युवाओं के लिए उम्मीद की किरण: युवा राजपूत सभा
जम्मू, 08 मई (हि.स.)। युवा राजपूत सभा जम्मू-कश्मीर के मुख्य प्रवक्ता विशाल सिंह लांगेह ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा इस साल 11 अप्रैल को शुरू किए गए ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ की सराहना करते हुए इसे नशाखोरी और नार्को-टेररिज्म के खिलाफ एक मजबूत पहल बताया। जारी बयान में लंगेह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा 100 दिवसीय अभियान युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि नशाखोरी आज समाज की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन चुकी है, जिसने अपराध और हिंसा की घटनाओं को भी बढ़ावा दिया है।
उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के साथ-साथ उन्हें अपराध की ओर धकेलता है। ऐसे में यह अभियान सुरक्षित और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
लंगेह ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी के जरिए जम्मू-कश्मीर में नार्को-टेररिज्म फैलाने की कोशिशों का यह अभियान करारा जवाब है। उन्होंने नशा तस्करों और इस नेटवर्क से जुड़े राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई की भी सराहना की। लंगेह के अनुसार, अभियान के तहत अब तक 500 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 14.50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की गई हैं।
उन्होंने आगे युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और धार्मिक संस्थाओं से भी इस अभियान में सहयोग देने का आग्रह किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

