home page

रामसू इलाके में एक और भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग 44 (एनएच-44) पर स्थित बिसलेरी नाले का प्रवाह आंशिक रूप से प्रभावित

 | 

रामबन, 31 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के रामसू इलाके में एक और भूस्खलन हुआ है जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग 44 (एनएच-44) पर स्थित बिसलेरी नाले का प्रवाह आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है।

रामसू के उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मुजाहिर हुसैन शाह ने बताया कि हालांकि यह भूस्खलन उसी इलाके में हुआ है जहां पिछले साल भी एक बड़ा भूस्खलन हुआ था लेकिन मौजूदा अवरोध इतना गंभीर नहीं है कि तत्काल निकासी की आवश्यकता हो।

शाह ने कहा कि हमारे इलाके के पास फिर से भूस्खलन हुआ है। पिछले साल भी इसी तरह का एक बड़ा भूस्खलन हुआ था जिससे बिसलेरी नाले का प्रवाह अवरुद्ध हो गया था। उस जोखिम को ध्यान में रखते हुए हमने निवासियों को पास के सरकारी स्कूल में 15-20 दिनों के लिए स्थानांतरित कर दिया था जहां हमने भोजन, पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्रदान की थीं।

एसडीएम ने आगे बताया कि प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रख रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल जब हालात सुधरे तो लोग वापस लौट आए थे। इस बार मानसून के दौरान एक और भूस्खलन हुआ है और नाले का प्रवाह आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है लेकिन अवरोध इतना गंभीर नहीं है कि लोगों को निकालना पड़े। हम स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता