हटली मोड़ में प्रदूषण के खिलाफ फूटा गुस्सा, वरिष्ठ नागरिकों ने किया जोरदार प्रदर्शन
कठुआ, 07 मई (हि.स.)। कठुआ के हटली मोड़ क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को लेकर गुरूवार को वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने प्रदूषण विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए विभाग की कथित लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में धूल-मिट्टी और प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है जिससे स्थानीय निवासियों को सांस संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके संबंधित विभाग समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। वरिष्ठ नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि प्रदूषण फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्रवासियों को जल्द राहत प्रदान की जाए।
प्रदर्शन के दौरान यह भी सामने आया कि इससे पहले भी कई संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने इलाके में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ आवाज उठाई थी लेकिन उनके प्रयास समय के साथ ठंडे बस्ते में चले गए और स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। हालांकि अब एक बार फिर एक संगठन ने इस मुद्दे को उठाते हुए आंदोलन शुरू किया है, जिससे क्षेत्र में उम्मीद जगी है कि इस बार प्रशासन समस्या को गंभीरता से लेकर प्रभावी कार्रवाई करेगा। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

