home page

अमृता गुप्ता ने जीती वीसीए प्रथम चेस 960 टूर्नामेंट की ट्रॉफी

 | 
अमृता गुप्ता ने जीती वीसीए प्रथम चेस 960 टूर्नामेंट की ट्रॉफी


जम्मू, 29 जून (हि.स.)। विवेक चेस अकादमी द्वारा ऑल जम्मू-कश्मीर चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रथम चेस 960 (फिशर रैंडम) टूर्नामेंट का खिताब अमृता गुप्ता ने अपने नाम कर लिया। छह राउंड तक चले इस रोमांचक मुकाबले में अमृता ने 6 में से 5.5 अंक अर्जित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता में 25 से अधिक उभरते हुए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के समापन समारोह में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) जम्मू मोहित भारती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को ट्रॉफियां और कुल दो हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। साथ ही उन्होंने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपनी ओर से भी सांत्वना पुरस्कार स्वरूप नकद राशि भेंट की।

प्रतियोगिता में मनुश्री को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब मिला। अंडर-15 वर्ग में लड़कों के वर्ग का खिताब निश्चल चौधरी और लड़कियों के वर्ग का खिताब अंजलि निषाद ने जीता। वहीं अंडर-10 वर्ग में ऋतिश गुप्ता और नैशा हांडू विजेता बने। प्रतियोगिता की मुख्य निर्णायक (चीफ आर्बिटर) राष्ट्रीय आर्बिटर स्तुति गुप्ता रहीं जिन्होंने फिडे के नवीनतम नियमों के अनुसार प्रतियोगिता का संचालन किया।

इस अवसर पर अकादमी के कोच विवेक भारती ने बताया कि चेस 960 जिसे फिशर रैंडम चेस भी कहा जाता है विश्व शतरंज चैंपियन बॉबी फिशर द्वारा विकसित एक विशेष प्रारूप है। इसमें खिलाड़ियों की शुरुआती गोटियों की स्थिति हर मुकाबले में अलग होती है जिससे पारंपरिक ओपनिंग याद करने की बजाय खिलाड़ियों को अपनी रणनीति, रचनात्मकता और त्वरित निर्णय क्षमता का पूरा उपयोग करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह प्रारूप आज विश्वभर में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और इसकी तुलना क्रिकेट के टी-20 प्रारूप से की जा सकती है जहां शुरुआत से ही तेज सोच और आक्रामक रणनीति की आवश्यकता होती है।

प्रतियोगिता के दौरान सभी छह राउंड में खिलाड़ियों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं जम्मू-कश्मीर में शतरंज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा