home page

वन अपराधों पर सख्ती के बीच कठुआ पहुंचे वन संरक्षक, फील्ड स्टाफ की सुरक्षा और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 | 
वन अपराधों पर सख्ती के बीच कठुआ पहुंचे वन संरक्षक, फील्ड स्टाफ की सुरक्षा और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


कठुआ, 16 सितंबर (हि.स.)। ईस्ट सर्किल जम्मू के वन संरक्षक प्रदीपचंद्र पी. वाहुले आईएफएस ने कठुआ वन मंडल का दौरा कर वन संरक्षण, वन अपराधों की रोकथाम और फील्ड स्तर पर किए जा रहे प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की। उनके साथ एसीएफ एवं डिप्टी डायरेक्टर एफपीएफ अनुषा कोल्ली आईएफएस, हीरानगर के तहसीलदार एवं एसएचओ तथा संबंधित रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर और फील्ड स्टाफ मौजूद रहे।

दौरे के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने वन संरक्षक को क्षेत्र की मौजूदा स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों, वन सुरक्षा के लिए किए गए प्रबंधों तथा वन संपदा की सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। दौरे का प्रमुख केंद्र छन्न चरखरी क्लोजर क्षेत्र रहा जहां हाल ही में वन अधिकारियों पर फायरिंग की घटना हुई थी। वन संरक्षक ने वन अपराधों पर अंकुश लगाने में साहस और तत्परता दिखाने वाले फील्ड स्टाफ की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को वन अपराधों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी। इस दौरान पुलिस विभाग द्वारा समय पर किए गए समन्वय की भी सराहना की गई।

इसके बाद वन संरक्षक ने जंगलोट और रख जालफर के जंगलों में स्थापित सीमा स्तंभों का निरीक्षण किया। उन्होंने लखनपुर और बसोहली मोड़ स्थित वन जांच चैकियों का भी दौरा कर वहां तैनात कर्मचारियों से बातचीत की और अंतरराज्यीय सीमा के माध्यम से होने वाली लकड़ी की तस्करी समेत वन अपराधों पर नियंत्रण के दौरान पेश आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों की जानकारी ली। उन्होंने वन अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए वन विभाग, फॉरेस्ट प्रोटेक्शन फोर्स, पुलिस और राजस्व विभाग के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।

दौरे के दौरान फील्ड स्टाफ ने वरिष्ठ अधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं और चुनौतियां भी रखीं। वन संरक्षक ने उनकी बात सुनी और संभावित समाधान पर चर्चा की। हाल की घटनाओं के बाद इस दौरे को फील्ड कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया