home page

ईरान में बढ़ते तनाव और हमलों के बीच परिजनों ने भारत सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर अपने बच्चों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाने की अपील की

 | 

बारामुला, 04 मार्च (हि.स.)।

कश्मीर के बारामुला में उस समय भावुक माहौल देखने को मिला जब ईरान में पढ़ाई कर रहे छात्रों के चिंतित माता-पिता करिया पार्क में एकत्रित हुए। ईरान में बढ़ते तनाव और हमलों की खबरों के बीच परिजनों ने भारत सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर अपने बच्चों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाने की अपील की।

बारामुला के वे माता-पिता जिनके बच्चे ईरान के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत हैं आज करिया पार्क में एकत्रित हुए और भारत सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की। अभिभावकों ने उपराज्यपाल प्रशासन, केंद्र सरकार तथा भारतीय दूतावास से मांग की कि उनके बच्चों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं।

माता-पिता का कहना है कि हाल के दिनों में ईरान में बढ़ते तनाव, संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़रायल के हमलों तथा युद्ध जैसे हालात के कारण वहां की स्थिति अत्यंत गंभीर और असुरक्षित हो गई है। ऐसे माहौल में उनके बेटे-बेटियों की सुरक्षा को लेकर परिवारों में भारी चिंता व्याप्त है।

परिजनों के अनुसार कई छात्रों से संपर्क बाधित हो गया है जबकि कुछ छात्र अपने हॉस्टलों या आवासों में फंसे हुए हैं। स्थिति दिन-प्रतिदिन और अधिक चिंताजनक होती जा रही है। इस तनावपूर्ण वातावरण में हर माता-पिता के लिए अपने बच्चों की सलामती सबसे बड़ा प्रश्न बन गया है।

अभिभावकों ने भारत सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तथा विदेश मंत्री एस. जयशंकर जी से अपील की है कि ईरान में रह रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा तत्काल सुनिश्चित की जाए।

सभी भारतीय छात्रों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए ठोस और शीघ्र योजना बनाई जाए। आवश्यक होने पर विशेष अभियान चलाकर छात्रों को सुरक्षित भारत लाया जाए। परिवारों ने सरकार से अनुरोध किया है कि इस संकट की घड़ी में उनके बच्चों के जीवन और भविष्य की रक्षा के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उनकी एकमात्र मांग है कि उनके बच्चों को सकुशल स्वदेश वापस लाया जाए। साथ ही अभिभावकों ने ईरान के सभी निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शीघ्र शांति बहाली के लिए भी प्रार्थना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता